नई दिल्ली, 2 सितंबर।

नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (एनजीएमए), नई दिल्ली में जापान फाउंडेशन के सहयोग से ‘टोक्यो बिफोर/आफ्टर’ फोटोग्राफी प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी 3 से 19 सितंबर 2026 तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी। एनजीएमए में आयोजित होने वाली यह जापान फाउंडेशन की पहली ट्रैवलिंग प्रदर्शनी है।

टोक्यो 2020 ओलंपिक एवं पैरालंपिक खेलों के अवसर पर मूल रूप से तैयार की गई इस प्रदर्शनी में करीब 80 तस्वीरें प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें 1930 और 1940 के दशक के टोक्यो की तस्वीरों को 2010 के दशक और उसके बाद की तस्वीरों के साथ प्रस्तुत किया गया है। इसके माध्यम से करीब एक सदी के दौरान जापान की राजधानी में आए सामाजिक, सांस्कृतिक और शहरी बदलावों को तस्वीरों के जरिए समझने का अवसर मिलेगा।

प्रदर्शनी में जापान के प्रसिद्ध फोटोग्राफरों दाइदो मोरियामा, नोबुयोशी अराकी सहित कई प्रमुख कलाकारों की कृतियां शामिल हैं। तस्वीरों के माध्यम से टोक्यो की बदलती सड़कों, इमारतों, लोगों और रोजमर्रा की जिंदगी के साथ-साथ शहर की सांस्कृतिक स्मृतियों को भी सामने लाया गया है।

एनजीएमए के महानिदेशक डॉ. संजीव किशोर गौतम ने कहा कि कोई भी शहर केवल वर्तमान में दिखाई देने वाली चीजों से नहीं बनता, बल्कि उसकी पहचान उसकी स्मृतियों से भी जुड़ी होती है। ‘टोक्यो बिफोर/आफ्टर’ के माध्यम से दर्शकों को टोक्यो के दो अलग-अलग समयों को देखने और उनके बीच मौजूद निरंतरता को समझने का अवसर मिलेगा।

जापान फाउंडेशन, नई दिल्ली के महानिदेशक कोजी सातो ने कहा कि फोटोग्राफी किसी शहर को समझने का अनूठा माध्यम है। यह केवल सड़कों, इमारतों और लोगों को रिकॉर्ड नहीं करती, बल्कि बदलाव के क्षणों और विभिन्न पीढ़ियों की दृष्टि को भी संरक्षित करती है।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से दर्शक ऐसे टोक्यो से परिचित होंगे, जहां परंपरा और आधुनिकता साथ-साथ दिखाई देती हैं। साथ ही यह प्रदर्शनी लोगों, स्मृति और शहर के बदलते संबंधों पर विचार करने का अवसर भी देती है।

भारत-जापान सांस्कृतिक संबंधों को मिलेगा नया मंच

एनजीएमए और जापान फाउंडेशन का यह सहयोग भारत और जापान के बीच लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रदर्शनी के माध्यम से भारतीय दर्शकों को जापानी फोटोग्राफी और वहां की शहरी संस्कृति को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।

प्रदर्शनी का उद्घाटन समारोह 2 सितंबर 2026 को शाम 6:30 बजे एनजीएमए, नई दिल्ली में आयोजित किया गया। समारोह में भारत में जापान के दूतावास के उप प्रमुख श्री जिनिची कादोवाकी तथा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव श्री विवेक अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *